Breaking News

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मारा, AAP ने उठाए सवाल; वर्मा बोले- परिवार को गाली देने पर प्रतिक्रिया दी

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को यह वीडियो अपने आधिकारिक X अकाउंट पर साझा किया। पार्टी का आरोप है कि तिलक नगर इलाके में सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर कुछ लोग मंत्री से सवाल कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक को उन्होंने थप्पड़ मार दिया।

वीडियो में दिखाई देता है कि युवक मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान प्रवेश वर्मा ने उसका हाथ नीचे किया और उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने युवक को मंत्री से दूर कर दिया।

युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। उसने मामले में पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।

सड़क निर्माण को लेकर हुआ विवाद

घटना के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह और प्रवेश वर्मा के बीच सड़क निर्माण को लेकर बहस भी हुई। जरनैल सिंह ने सड़क का हिस्सा उखाड़कर दिखाते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

वीडियो में जरनैल सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उनके इलाके में बनी सड़क को उखाड़कर दिखाया गया है। इस पर प्रवेश वर्मा ने जवाब दिया कि गलत बात नहीं करनी चाहिए और आरोप लगाया कि 15 साल में सड़क नहीं बनाई गई।

जरनैल सिंह ने जवाब दिया कि सड़क बनाई जाए, लेकिन ऐसी नहीं जो 15 घंटे भी न टिक सके।

इसके बाद प्रवेश वर्मा वहां से चले गए। जरनैल सिंह भी उनकी गाड़ी तक गए। इसी दौरान वीडियो बना रहे युवक के साथ थप्पड़ मारने की घटना हुई।

प्रवेश वर्मा ने जारी किया अपना पक्ष

घटना के बाद प्रवेश वर्मा ने करीब 2 मिनट 56 सेकंड का वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने दावा किया कि विकासपुरी रिंग रोड पर पिछले कई दिनों से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। उनके मुताबिक, उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था।

वर्मा ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह कथित तौर पर PWD के इंजीनियरों से कॉन्ट्रैक्टर से मुलाकात कराने और कमीशन की व्यवस्था करने की बात कह रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में इंजीनियर ने पुलिस थाने में शिकायत की है।

प्रवेश वर्मा ने यह भी कहा कि जब जरनैल सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे तो उनके साथ बहस हुई। उनके अनुसार, एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी, जिसके बाद उन्होंने गुस्से में प्रतिक्रिया दी।

प्रवेश वर्मा से जुड़े पुराने विवाद

2020: शाहीन बाग प्रदर्शन को लेकर दिए गए बयान के बाद चुनाव आयोग ने प्रवेश वर्मा के प्रचार पर रोक लगाई थी। उनके बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था।

2020: चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहने के मामले में भी चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।

2022: यमुना में झाग हटाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल को लेकर एक अधिकारी से बहस का वीडियो सामने आया था। इस मामले में भी उनका बयान चर्चा में रहा।

2024: उनके आवास के बाहर महिलाओं को 1,100 रुपये दिए जाने को लेकर विवाद हुआ था। वर्मा ने इसे अपने पिता द्वारा स्थापित संस्था की ओर से गरीब महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता बताया था।

2025: वाल्मीकि मंदिर में सफाई कर्मचारियों को जूते पहनाने का वीडियो सामने आने के बाद भी विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता ने इसे मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप बताया था, जबकि वर्मा ने कहा था कि उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया था।

About NW-Editor

Check Also

7 विदेशी नागरिकों को परिवार से मिलने विदेश जाने की इजाजत: NIA कोर्ट ने अमेरिका-यूक्रेन जाने की दी अनुमति, एक महीने में लौटना होगा

नई दिल्ली। दिल्ली की विशेष NIA अदालत ने म्यांमार में उग्रवादियों को हथियार और ड्रोन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *