Breaking News

पेरू में भारतीय युवक पर जानलेवा हमला, SUV पर 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग; सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

लीमा। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में एक भारतीय युवक पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। एयरपोर्ट जा रहे भारतीय युवक की SUV को कई गाड़ियों में सवार बदमाशों ने घेर लिया और उस पर 30 से ज्यादा गोलियां बरसा दीं। इसके बाद हमलावर कार में रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूटकर फरार हो गए। इस वारदात में भारतीय युवक समेत दो लोग घायल हुए हैं। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एयरपोर्ट जाते समय बदमाशों ने रोकी कार

घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक विजय एक पेरू की महिला के साथ जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में सवार हथियारबंद बदमाशों ने उनकी SUV को चारों तरफ से घेर लिया।

बदमाशों ने पहले कार को आगे और पीछे से रोककर भागने का रास्ता बंद किया। इसके बाद SUV की खिड़कियों और दरवाजों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले के दौरान कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

करीब 10 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

पेरू पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में करीब 10 बदमाश शामिल थे। हमलावर तीन वैन और अन्य गाड़ियों से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने SUV को घेरकर उसमें रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूट लिए। वारदात के बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ियों से फरार हो गए।

कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में नकाबपोश बदमाश SUV को घेरकर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं।

आपराधिक मामलों में सामने आ चुकी है एक गाड़ी

पुलिस जांच में वारदात में इस्तेमाल हुई ग्रे रंग की एक गाड़ी का नंबर B6H-624 सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस वाहन का नाम वर्ष 2011 में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़े मामले में दर्ज हुआ था। वहीं, 2024 में हत्या के प्रयास और हथियारों व विस्फोटकों से जुड़े मामले में भी इसका उल्लेख मिला था।

पुलिस अब CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और संदिग्ध वाहनों के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घायल भारतीय युवक विजय का इलाज जारी है।

About NW-Editor

Check Also

इजराइल में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज, विरोधी खेमे के साथ गठबंधन की तैयारी में आइजनकोट

इजराइल की राजनीति में सरकार गठन को लेकर नया सियासी समीकरण बनता दिखाई दे रहा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *