फतेहपुर। गांधी जयंती के अवसर पर पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और कानूनी परिणामों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिले के चार विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के 21 सितम्बर 2026 के निर्देशों के क्रम में सेंट जेवियर्स स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज, एएस इंटर कॉलेज तथा सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिविरों में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों के साथ भारतीय संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, शिक्षा का अधिकार और किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-4 चेतना चौहान, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार, विशेष न्यायालय पॉक्सो कोर्ट के महेंद्र कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आकांक्षा मिश्रा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-1 मो. साजिद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-3 अविनाश रंजन, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या-1 भावना साहू, न्यायिक मजिस्ट्रेट संगीता तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बिंदू यादव सहित न्यायिक अधिकारी शामिल रहे। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी देते हुए बताया कि किसी व्यक्ति के साथ अन्याय होने की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा कानूनी समस्या की स्थिति में भयभीत हुए बिना संबंधित अधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।
कार्यक्रम में पैरा लीगल वालंटियर अवधेश कुमार एवं शेखर ने भी विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।

News Wani