Breaking News

फतेहपुर में किसान हत्याकांड का खुलासा, धान कटाई को लेकर हुआ था विवाद; आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में धान की फसल कटवाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर हत्यारोपी रविशंकर उर्फ रवि को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।

पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 13 नवंबर को रामजीवन (40) का शव उसके बाग में नहर पटरी के किनारे मिला था। शुरुआत में मामला नहर पटरी से गिरकर मौत होने का प्रतीत हो रहा था। हालांकि, घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। जांच में मोबाइल आरोपी रविशंकर सविता निवासी पधारा का निकला। इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर पर 27 नवंबर को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पधारा चौराहा नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर की शाम वह अपने खेत में धान की फसल बांधने गया था। इसी दौरान पड़ोसी खेत में मौजूद रामजीवन ने शराब के नशे में उससे अपना धान कटवाने के लिए कहा। मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने पास में पड़ी ईंट से रामजीवन के सिर पर दो-तीन वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए मृतक की साइकिल नहर पटरी की ढलान पर गिरा दी और घटनास्थल के आसपास की झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट झाड़ियों में छिपा दी। इसके अलावा मृतक का मोबाइल फोन तोड़कर उसके टुकड़े नहर किनारे फेंक दिए।

28 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से करीब 50 मीटर पहले झाड़ियों से खून से सनी ईंट और नहर किनारे से मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन के टुकड़े बरामद किए। आरोपी का लावा कीपैड मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में बकेवर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल नितिन पटेल और कांस्टेबल संदीप चौधरी शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर जेल में डीएम-एसपी की अचानक दस्तक, बैरकों से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक की हुई जांच

फतेहपुर। जिला कारागार में शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *