Breaking News

फतेहपुर में बारिश ने बिगाड़ी किसानों की हालत, फसल और मकानों के नुकसान पर मुआवजे की मांग

फतेहपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर अपना दल (एस) ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। पत्र में प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के साथ अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।

जिलाध्यक्ष शैलेंद्र पटेल की अगुवाई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि जिले के विभिन्न कृषि क्षेत्रों में अधिक बारिश होने के कारण केले की खेती, धान की फसल के साथ हरी सब्जियों की फसल पूरी तरह नष्ट और क्षतिग्रस्त हो गई है। पदाधिकारियों ने फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने तथा आपदा राहत शीघ्र जारी करने की मांग की।

उन्होंने किसानों को आर्थिक सहायता के साथ बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि फसल बर्बाद होने के बाद किसान दोबारा खेती शुरू कर सकें।

इसके अलावा तराई क्षेत्र में बारिश के कारण पशुओं में लंगड़ी रोग, मुंहपका-खुरपका और गलाघोंटू रोग फैलने की आशंका जताई गई। पशुओं के लिए कैंप लगाकर टीकाकरण कराने की मांग की गई। पत्र में पशुपालन विभाग की गो नंदिनी योजना का लक्ष्य बढ़ाने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि जनपद में इस योजना के तहत छह लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि करीब 150 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऐसे में आवेदनों के अनुरूप योजना का लक्ष्य बढ़ाने के लिए पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजने की मांग की गई।

इसके साथ ही लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग भी की गई। ज्ञापन में किसानों और बारिश प्रभावित लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इस मौके पर पदम सिंह पटेल, योगेंद्र सिंह राजा, दीपक पटेल, पप्पू वर्मा, कांती कुशवाहा, अरुण पटेल, गुलाब सिंह, दिलदार अली, डॉ. शिवप्रकाश रावत, सुनील पटेल, सोनू पासवान, अतीश कुमार पटेल, दीपांशु पटेल आदि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में किसान पंचायत में उठीं बिजली, पानी और सड़क की समस्याएं, सैकड़ों किसान रहे मौजूद

सुल्तानपुर घोष/फ़तेहपुर। ऐरायां विकास खंड के दुर्गा का पुरवा मजरे इजुरा खुर्द गांव में बुधवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *