Breaking News

रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और बारावफात को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश; परंपरागत मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस, नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं

फतेहपुर (न्यूज़ वाणी)। आगामी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु और जिले के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने थानावार तैयारियों के साथ पूर्व में हुई घटनाओं और उनमें की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर स्ट्रीट लाइट, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और चूने के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सड़कों के गड्ढों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को ढीले तारों एवं जर्जर विद्युत पोलों को समय रहते ठीक कराने और त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से ही मनाए जाएं और जुलूस भी निर्धारित परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएं। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। जिन थाना एवं तहसील क्षेत्रों में अभी तक पीस कमेटी की बैठक नहीं हुई है, वहां जल्द बैठक कराने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारियों से उनके क्षेत्रों में की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को पीस कमेटी की बैठक कर त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष बीरेंद्र पांडेय, आदर्श व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, शहरकाजी सहित विभिन्न तहसीलों से आए धर्मगुरु एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में खेत के पास मिला 21 वर्षीय युवक का शव, दस दिन पहले बहन के ससुराल आया था

फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुरियानी के समीप रविवार की शाम उस समय हड़कंप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *