Breaking News

नेतन्याहू का बड़ा दावा: ईरान ने की बेटे की हत्या की कोशिश, बोले- परिवार की सुरक्षा ऐशोआराम नहीं

ईरान:  तेल अवीव। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर नाराजगी जताते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने उनके परिवार को निशाना बनाया था और उनके दो बेटों में से एक की हत्या की कोशिश भी की गई थी। हालांकि, नेतन्याहू ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके किस बेटे को निशाना बनाया गया और यह घटना कब या किस तरह हुई।

सरकार समर्थक चैनल 14 को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को मिल रही सुरक्षा किसी तरह का ऐशोआराम नहीं है। उनके मुताबिक, परिवार को लगातार सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।

बेटे याइर की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

नेतन्याहू के बड़े बेटे याइर लंबे समय से अपनी राजनीतिक टिप्पणियों और दक्षिणपंथी विचारों के कारण चर्चा में रहते हैं। वह सरकार या संसद में कोई पद नहीं संभालते और पिछले कुछ वर्षों से ज्यादातर समय मियामी में रह रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें इजराइली सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा मिलने को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, 2018 से 2023 के बीच याइर, उनके छोटे भाई अवनर और मां सारा नेतन्याहू की सुरक्षा पर करीब 102 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। आलोचकों का सवाल है कि विदेश में रहने वाले एक वयस्क व्यक्ति की सुरक्षा का खर्च सरकार को क्यों उठाना चाहिए।

नेतन्याहू परिवार को लंबे समय तक मिलेगी सुरक्षा

जुलाई 2026 में एक मंत्रीस्तरीय समिति ने नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा को आजीवन सुरक्षा देने का फैसला किया था। वहीं, उनके दोनों बेटों याइर और अवनर को कम से कम पांच साल तक सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया।

इजराइल में प्रधानमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी में शिन बेट की अहम भूमिका रहती है। प्रधानमंत्री के निजी और सरकारी आवासों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाते हैं।

नेतन्याहू के घर पर ड्रोन से हुआ था हमला

अक्टूबर 2024 में लेबनान से आया एक ड्रोन इजराइल के कैसरिया स्थित नेतन्याहू के निजी आवास तक पहुंच गया था। घटना के समय नेतन्याहू और उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थे। हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी, लेकिन घर को नुकसान पहुंचा था।

बाद में हिज्बुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इजराइल ने इसे प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाने की कोशिश बताया था।

ट्रंप के बेटे को भी मिल चुकी धमकी

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन को लेकर भी ईरानी सरकारी टीवी पर धमकी भरा कार्यक्रम प्रसारित होने की रिपोर्ट सामने आई थी। कार्यक्रम में उनकी सुरक्षा व्यवस्था और उनसे जुड़े संभावित ठिकानों की जानकारी दिखाए जाने का दावा किया गया था।

नेतन्याहू के ताजा बयान के बाद इजराइल में प्रधानमंत्री परिवार की सुरक्षा पर होने वाला सरकारी खर्च और सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है।

About NW-Editor

Check Also

ईरान जंग ने बदली तेल निर्यात की रणनीति, होर्मुज पर निर्भरता घटाने की तैयारी

ईरान के साथ बढ़े सैन्य तनाव ने खाड़ी देशों के तेल कारोबार की रणनीति बदल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *