Breaking News

पुलिस लाइन बांदा व सहित थानों में मनाया गया पुलिस झण्डा दिवस; पुलिस झण्डा फहराकर पुलिसकर्मियों के साथ दी गई सलामी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा।

बांदा। जनपद में सोमवार को पुलिस ध्वज दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने उत्तर प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया गया।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि पुलिस ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा, शक्ति, निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। लाल और नीले रंग का यह ध्वज पुलिस बल के आत्मसम्मान, कर्तव्यपरायणता और समर्पण की भावना को प्रदर्शित करता है। ध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके साथ ही जनपद के सभी थानों में भी पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना प्रभारियों ने पुलिस ध्वज को सलामी दी और पुलिस महानिदेशक का संदेश पुलिसकर्मियों को सुनाया।

1952 से जुड़ा है पुलिस ध्वज दिवस का गौरवशाली इतिहास

उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1952 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं और कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था।

पुलिस ध्वज किसी भी पुलिस संगठन की पहचान के साथ उसके गौरवशाली इतिहास, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस ध्वज दिवस मनाया जाता है। इस दिन पुलिसकर्मी अपने संगठन की गौरवशाली परंपराओं को याद करते हुए जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।

About NW-Editor

Check Also

अतर्रा में दिल दहला देने वाली घटना, 40 वर्षीय युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर हुई मौत

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, अतर्रा (बांदा)। बांदा जनपद के अतर्रा कस्बे में सोमवार दोपहर एक दुखद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *