न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। बांदा के मुक्तिधाम रोड स्थित प्रज्ञा नगर मोहल्ले में डूडा की ओर से स्वीकृत आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य विवाद के चलते रुक गया है। मोहल्लेवासियों ने कुछ लोगों पर ठेकेदार को धमकाकर निर्माण कार्य बंद कराने का आरोप लगाया है। सड़क निर्माण बाधित होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मामले को लेकर मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी और सदर विधायक को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क निर्माण दोबारा शुरू कराने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक, क्षेत्र में पक्की सड़क बनवाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। इसके बाद डूडा विभाग से आरसीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी। 21 नवंबर को ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू कराया, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर धमकी दी और काम रुकवा दिया। शिकायत में बाबू निषाद, तुलसी, हरप्रसाद, होरीलाल, मूलचंद्र निषाद समेत अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने संबंधित लोगों से जमीन खरीदकर अपने मकान बनवाए थे। उस दौरान आवागमन के लिए इसी रास्ते को बताया गया था। इसके बावजूद 10 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मोहल्ले में पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है। अब जब सरकारी योजना के तहत सड़क निर्माण शुरू हुआ तो उसे भी विवाद के कारण रोक दिया गया।
मोहल्लेवासियों ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घरों के सामने बनी सीढ़ियां तोड़ दी गईं और पानी की पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया गया। इसके कारण रास्ते में पानी भरने के साथ कीचड़ की समस्या पैदा हो गई है। लोगों को रोजाना आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दो प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों का रास्ता भी प्रभावित
मोहल्लेवासियों के अनुसार, इसी रास्ते से दो प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति और जलभराव के कारण बच्चों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, करीब 60 परिवारों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक कराने और डूडा से स्वीकृत सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण पूरा होने से मोहल्ले के लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिलेगी।
इस दौरान कुलदीप, संजय खेर, युवराज, सुनील, हिम्मत सिंह, सीमा देवी, गीता देवी, कुसमा समेत कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
News Wani
