न्यूज़ वाणी ब्यूरो, अतर्रा (बांदा)।
बांदा जनपद के अतर्रा कस्बे में सोमवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। नरैनी रोड स्थित टेंपो स्टैंड के समीप रामलीला मोड़ के पास रहने वाले करीब 42 वर्षीय विकास शिवहरे की घर में हुई घटना के बाद मौत हो गई। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास शिवहरे पुत्र राजकिशोर शिवहरे सोमवार दोपहर अपने घर की ऊपरी मंजिल पर थे। इसी दौरान घर में अचानक हुई घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता राजकिशोर शिवहरे ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पुरानी राइस मिल में थे। घर पर उनका बेटा और बहू मौजूद थे। परिवार को शाम को मथुरा की यात्रा पर जाना था और इसके लिए तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली। खबर सुनते ही वह घर पहुंचे और परिजनों की मदद से बेटे को अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, विकास लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से परेशान था और उसका उपचार चल रहा था। वहीं, पारिवारिक विवाद की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
विकास अपने पीछे पत्नी शशि, 15 वर्षीय बेटे योग्य उर्फ कान्हा और 10 वर्षीय बेटी अहाना को छोड़ गए हैं। वह दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम आकाश है। जिस परिवार में मथुरा यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां कुछ ही देर में दुख छा गया। पिता ने अपना बेटा खो दिया, वहीं बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
News Wani
