Breaking News

बाराबंकी जिला अस्पताल में मानवता की मिसाल, मरीजों को बांटे गए फल; हर शनिवार चलेगा सेवा अभियान

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बाराबंकी।

बाराबंकी। समाज में मानवता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाराबंकी जिला अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को फल वितरित कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। आयोजकों ने इस सेवा कार्य को प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद आसिम ने बताया कि अस्पताल में भर्ती गरीब और जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से फल वितरण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत हर शनिवार मरीजों को फल उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं को देखते हुए उन्हें अन्य जरूरी सामान और सहायता मुहैया कराने का भी प्रयास करेगा।

मोहम्मद आसिम ने बताया कि संगठन की ओर से लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में भी पहले इस तरह के सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब बाराबंकी में इस अभियान को नियमित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानव सेवा का कोई जाति या धर्म नहीं होता। जरूरतमंदों की मदद करना ही समाज के प्रति सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. जे.पी. मौर्य ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों की ओर से मिलने वाला सहयोग जरूरतमंद मरीजों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। विशेषकर बच्चों और मरीजों के पोषण में फलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे प्रयास समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।

आयोजकों ने बताया कि संगठन की स्थापना वर्ष 1974 में हुई थी। इसका उद्देश्य लोगों के बीच प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और विश्व शांति का संदेश पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से भी अपील की गई कि वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं और समाज में इंसानियत की भावना को मजबूत बनाएं।

इस पहल से जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत पहुंचाने के साथ ही सामाजिक सहभागिता और मानव सेवा का सकारात्मक संदेश भी दिया गया।

About NW-Editor

Check Also

हाईवे पर डीसीएम से टकराई कार बनी आग का गोला, पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान; लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर लगा जाम

न्यूज़ वाणी संवाददाता मसौली, बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रसौली के निकट देर रात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *