Breaking News

तालीमी बेदारी जलसे में माता-पिता की इज्जत और रिश्तों में मोहब्बत का पैगाम; मौलाना इस्लामुल हक ने पारिवारिक सम्मान पर दिया जोर

दानिश कुरैशी, न्यूज़ वाणी, सीतापुर।

सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र की झरेखापुर चौकी अंतर्गत ग्राम मोतीपुर में तालीमी बेदारी जलसे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए उलमा-ए-किराम ने शिक्षा, धार्मिक मूल्यों, अच्छे आचरण और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार रखे। जलसे में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर डॉ. जलालुद्दीन ने की, जबकि संचालन मौलाना मोहम्मद अय्यूब ने किया।

जलसे को संबोधित करते हुए मौलाना इस्लामुल हक ने माता-पिता के सम्मान और उनकी सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी जिंदगी मेहनत और त्याग करते हैं। इसलिए बच्चों को भी उनका सम्मान करना चाहिए और उम्र के इस पड़ाव पर उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने परिवार में प्रेम, आपसी सहयोग और बुजुर्गों के प्रति आदर बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने पति-पत्नी के रिश्ते पर भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन की मजबूती प्रेम, विश्वास, धैर्य और एक-दूसरे के सम्मान पर निर्भर करती है। परिवार में आपसी समझ और सहयोग रहने से रिश्तों में मधुरता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों के जुड़ने का माध्यम भी है।

वहीं, मौलाना सिबली बहराइची ने शादी-विवाह में सादगी अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने दहेज प्रथा से दूर रहने, फिजूलखर्ची रोकने और निकाह को आसान बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शादी को दिखावे और आर्थिक बोझ का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। सीमित लोगों की मौजूदगी में सादगी के साथ निकाह करने से समाज में अच्छा संदेश जाता है।

कार्यक्रम में मौलाना मोहम्मद ताहिर, हाफिज मोहम्मद आदिल, मौलाना मोहम्मद सुफियान, कारी इरशाद साजिद, मौलाना एवं मुफ्ती तारिक जमील, मौलाना मुजफ्फर हुसैन, मौलाना मोहम्मद शुऐब और हाफिज मोहम्मद हम्माद समेत कई उलमा एवं हाफिज-ए-कुरान मौजूद रहे। जलसे का समापन सामाजिक सद्भाव, पारिवारिक प्रेम और अच्छे आचरण का संदेश देते हुए हुआ।

About NW-Editor

Check Also

सीतापुर जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर उठी आवाज, नागरिकों ने निकाली जागरूकता रैली

दानिश कुरैशी, न्यूज़ वाणी, सीतापुर। सीतापुर। जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *