महोबां जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश से डंपर व ट्रक अवैध बालू का खनन कर खनिज बैरियर में सांठगांठ करते हुए कम दाम में बालू बेच रहे हैं, जिससे यहां के ट्रक मालिकों को भारी क्षति उठानी पड़ रही है। जिले के समस्त ट्रक स्वामियों व बालू विक्रेताओं ने जिलाधिकारी प्रभाष कुमार को शिकायती पत्र देकर मध्यप्रदेश से आने वाली अवैध बालू पर रोक लगाए जाने की मांग की है।
डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि वह बालू बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं, लेकिन आज कल मध्यप्रदेश से अवैध रुप से बालू आने से उनका कारोबार ठप होने की कगार पर पहुंच गया है। बताया कि उक्त कार्य के लिए एमएम 11 व रायल्टी आदि दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन मध्यप्रदेश से बालू लेकर आने वाले बड़े बडे ट्रक व डंपर एमएम 11, रायल्टी व बिना परमिट के जिले में बालू ला रहे और कम दामों में बेच रहे हैं।
बताया कि लवकुश नगर रोड पर खनिज बैरियर लगा हुआ है, वहां के कर्मचारियों से सांठगांठ कर यह वाहन चालक अपने वाहनों को धडल्ले से निकाल रहे हैं। इतना ही नहीं उक्त 6 चक्का ओवरलोड बालू लादकर आराम से निकल जाते हैं। जिले में मध्यप्रदेश से आ रही अवैध बालू से उनका व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है, जिससे अब उन्हें अपने परिवारों का भरण पोषण करने की चिंता सताने लगी है। शिकायती पत्र में लवकुश नगर रोड पर बने खनिज बैरियर से निकलने वाले अवैध बालू लदे वाहनों पर रोक लगाए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पंकज शर्मा अमन यादव, दीपेंद्र तिवारी, सुरेंद्र कुमार, पंकज, विकास ठाकुर, राजेंद्र सिंह, नितिन गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल हैं।

News Wani