फतेहपुर। परिसीमन एवं महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा से पारित होने पर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बधाई दी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण की दिशा में परिसीमन विधेयक लोकसभा में प्रस्तुत कर पारित कराया गया है। इसके साथ ही महिला आरक्षण विधेयक के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए लोकसभा में सदस्यों की संख्या बढ़ने से जनप्रतिनिधित्व का दायरा विस्तृत होगा और जनता की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। वहीं, महिला आरक्षण विधेयक के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके राजनीतिक अधिकारों को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
राज्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुफ्त अनाज योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता देकर उन्हें सशक्त बनाने का काम किया गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं के धन में बंदरबांट और भ्रष्टाचार होता था, जबकि वर्तमान सरकार में योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है।
News Wani
