Breaking News

मेडिकल कॉलेज में 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस की मांग, गंभीर मरीजों को मिले निःशुल्क परिवहन सुविधा

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एम्बुलेंस की कमी का मुद्दा अब शासन तक पहुंच गया है। गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को हो रही परेशानियों को देखते हुए जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने मेडिकल कॉलेज में कम से कम 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को ज्ञापन भेजा है।

ज्ञापन में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज से गंभीर मरीजों को कानपुर, लखनऊ और दूसरे जनपदों में रेफर किए जाने पर एम्बुलेंस के लिए चार से पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। गंभीर हालत में मरीजों के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में समय पर परिवहन सुविधा नहीं मिलने से मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है।

सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों के परिजनों को मजबूरी में निजी एम्बुलेंस लेनी पड़ती है। इसके लिए संचालक दूसरे जनपदों तक मरीज पहुंचाने के नाम पर पांच से दस हजार रुपये तक किराया वसूलते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना मुश्किल हो जाता है। कई परिवारों को मरीज के इलाज और परिवहन के लिए कर्ज तक लेना पड़ता है।

शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज केवल बांदा ही नहीं, बल्कि चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। ऐसे में यहां पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था पूरे बुंदेलखंड के लिए जरूरी है।

ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें

  • मेडिकल कॉलेज को कम से कम 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएं।

  • आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस की व्यवस्था हो।

  • दूसरे अस्पतालों में रेफर होने वाले गंभीर मरीजों को निःशुल्क परिवहन सुविधा दी जाए।

  • एम्बुलेंस व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि किसी गरीब मरीज की जिंदगी केवल इसलिए खतरे में नहीं पड़नी चाहिए कि उसका परिवार निजी एम्बुलेंस का किराया देने में सक्षम नहीं है। स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। उन्होंने शासन से मांग की कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए उठाए गए कदमों की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 120 युवाओं को मिला रोजगार, बेरोजगार युवाओं को मिल रहे नौकरी के सुनहरे अवसर

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *