निगोहां, लखनऊ।
मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के रामपुर गांव में शुक्रवार को सरकारी भूमि पर लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे को प्रशासन ने सख्ती के साथ हटवा दिया। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कानूनगो नजमुद्दीन एवं लेखपाल सीखा यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम ने गाटा संख्या 338 व 339 की पैमाइश कर सरकारी भूमि को चिन्हित किया। इसके उपरांत पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटाया गया।
पुलिस टीम का नेतृत्व उप निरीक्षक आनंद प्रताप सिंह ने किया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन के अनुसार उक्त सरकारी भूमि पर भू-माफिया रितिक मौर्य द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिसे हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान समाजसेवी कौशलेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकारी भूमि को सुरक्षित कराने की प्रशासनिक पहल की सराहना की।
इस संबंध में एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा कब्जा करने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांव में सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भू-माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

News Wani