फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान को कथित तौर पर अधूरा छोड़कर कार्यक्रम स्थल से चले जाने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। एएसवीएम इंटर कॉलेज, पूरन नगर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर आहत कांग्रेसियों ने कोतवाली पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा के संयुक्त नेतृत्व में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल से चले जाने से राष्ट्रगान की गरिमा प्रभावित हुई और वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे राष्ट्रीय गौरव का अपमान बताते हुए राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा-3 के तहत कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें दंडित किए जाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिन्हें राष्ट्रगान के गौरव और उसकी मर्यादा का ज्ञान नहीं है, वे स्वयं को राष्ट्रवादी कहते हैं।
वहीं, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि राष्ट्रगान की लय और उसकी गरिमा देशवासियों के दिलों में राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना पैदा करती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके दिल में राष्ट्र के प्रति प्रेम नहीं है, वे राष्ट्रवादी कैसे हो सकते हैं।
तहरीर सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी, राजीव लोचन निषाद, राजेंद्र लोधी, इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे, जेपी पासवान, फजलुर्रहमान असलम, नरेंद्र सिंह रिक्की, सैयद शहाब अली, राम नरेश महाराज, ओम प्रकाश कोरी, रेखा पासवान, इशरत, शकीला बानो, निजामुद्दीन, बशीर अहमद, शैलेंद्र सिंह, मो. नौशाद, चौधरी मोइन राइन, इंद्रजीत लोधी, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, सुधीश पांडेय, नजमी कदर, मो. रमजान, हम्माद हुसैन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
