बिजनौर – ( स्योहारा ) थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का स्योहारा पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी समेत बड़ी मात्रा में चोरी किया गया घरेलू सामान, गैस सिलेंडर, बैटरियां और चांदी के बर्तन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला मुस्लिम चौधरियान निवासी रुखसार पत्नी फहीम अहमद ने थाना स्योहारा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर से गैस सिलेंडर, बैटरियां, पीतल व सफेद धातु के जेवर, नकदी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए हैं। इसी तरह ग्राम कुरी बांगड़ निवासी चांद बाबू ने अपने कोल्हू से इन्वर्टर और बैटरी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में थाना स्योहारा में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए फरमान पुत्र अशरफ और शानू उर्फ शहनवाज पुत्र अकरम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों की तंगी और नशे की लत के चलते उन्होंने बंद पड़े मकानों और कोल्हू को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, चांदी के बर्तन, बैटरियां, नकदी सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया। कुछ नकदी के खर्च हो जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चोरी का सामान बरामद किए जाने से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और उनकी टीम की सक्रियता, सटीक रणनीति और मेहनत की सराहना की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
News Wani
