ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा। जनपद इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र में पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए इकदिल चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह अभियान उपजिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पूरे दल-बल के साथ थाना इकदिल पुलिस द्वारा संचालित किया गया। इकदिल ओवरब्रिज के नीचे लंबे समय से सब्जी मंडी लग रही थी, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार को थाना इकदिल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थित तरीके से अतिक्रमण हटवाया और क्षेत्र को साफ कराया। थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा आम नागरिकों को राहत प्रदान करना रहा। अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही अव्यवस्थाओं को समाप्त करने के लिए पुलिस ने सख्त लेकिन संयमित कार्रवाई की। काफी समय से इकदिल क्षेत्र की जनता द्वारा अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही थी, जिसे आज पूरा किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में संतोष देखा गया तथा जनता ने इकदिल थाना पुलिस के इस सराहनीय कार्य की खुले तौर पर प्रशंसा की।
News Wani
