पिसावा सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गगुर्संदा ग्राम पंचायत के मजरा तन में ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य के दौरान विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। नाली निर्माण के लिए लाई गई ईंटों को उठाने और उपयोग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में दोनों पक्षों से कुल चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाली खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी निर्माण कार्य के लिए ग्राम पंचायत द्वारा ईंटें मंगाई गई थीं। ईंटों को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे उग्र रूप लेती चली गई और मामला हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना में एक पक्ष से मुंशी और गुड्डी घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से मोटे और नौशाद को चोटें आई हैं। झगड़े के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दोनों पक्ष पिसावां थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर आपसी मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चारों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
इस संबंध में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
