पंजाब के फिरोजपुर में प्रॉपर्टी कारोबारी एवं फाइनेंसर अमनदीप सिंह ने 2 बेटियों और पत्नी को गोली मारकर खुद भी सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सुबह जब सफाई करने वाली घर आई और उसने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। सफाई वाली ने घर के ऊपर रहने वाले किराएदार को फोन कर पूछा। तब उसने किराएदारों के कहने पर घर के मालिक को फोन किया। फिर भी घर के अंदर फोन बजता रहा, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया और न ही किसी ने दरवाजा खोला। इससे उन्हें शक हुआ कि कहीं उन्हें गैस तो नहीं चढ़ गई। मगर, जब वे नीचे आए और दरवाजा तोड़ा तो पता चला कि सबकी मौत हो चुकी है। अमनदीप के अलावा उसकी पत्नी जसवीर कौर, बेटी मनवीर (10) और परनीत (6) का शव पड़ा था। पुलिस ने मौके से पिस्टल भी बरामद कर लिया है।
SSP भूपिंदर सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चेक कर रही है कि इसमें कहीं कोई और बात तो नहीं है। यह घटना हरमन नगर में हुई।
पड़ोसी ने क्या कहा, 3 पॉइंट में पढ़िए…
- दरवाजा तोड़ा, अंदर शव पड़े मिले: अमनदीप के पड़ोसी करनजीत सिंह ने बताया कि सुबह सफाई करने वाली महिला आई तो इनकी तरफ से गेट नहीं खोला। तभी ऊपर रह रहे किराएदारों ने मुझे बताया कि अमनदीप सिंह गेट नहीं खोल रहे हैं। हमने सोचा था कि कहीं गैस न चढ़ गई हो। हमने दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर शव पड़े थे।
- कल शाम को भी हम साथ टहलने निकले थे: करनजीत ने कहा कि परिवार काफी मिलनसार था। बुधवार रात को भी वह साथ में घूमकर आए। वह बातें कर रहे थे। लेकिन सुबह 11 बजे पता चला कि यह वारदात हो गई है।
- सुबह वारदात का पता चला, यकीन नहीं हो रहा: करनजीत ने कहा कि हमने इन्हें कभी परेशान नहीं देखा। कभी परिवार में लड़ाई झगड़ा नहीं देखा था। किसी को यकीन नहीं हो रहा। पुलिस भी इसकी वजह जानने की कोशिश में जुटी है।
अब पढ़िए फिरोजपुर SSP भूपिंदर सिंह ने क्या कहा…
- घर में CCTV लगे हुए हैं, इनसे खुलासा होगा: SSP ने कहा कि पड़ोसी करनजीत ने सुबह घर का दरवाजा खोला। उन्होंने अमनदीप सिंह के हाथ में पिस्टल देखा। हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अमनदीप सिंह फाइनांस का काम करता था और मकान बनाकर बेचता था।
- अंदर से बंद था घर, CCTV चेक कर रहे: SSP ने कहा कि अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। घर को अंदर से बंद किया हुआ था इससे घटना की सच्चाई सामने आएगी।
News Wani
