आखिर कहां बनी थी उम्र घटाने वाली मशीन, करोड़ों की ठगी का हुआ खुलासा

 

कानपुर: यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हर इंसान एक उम्र के बाद बुढ़ापे की तरफ बढ़ता है। 65 की उम्र में 25 साल का दिखना सभी की चाहत होती है। बुढ़ापे में जवान दिखने का झांसा देकर दंपती ने लोगों से 35 करोड़ की ठगी की है। दंपती ने इजरायल से 25 करोड़ की मशीन मंगाकर ऑक्सीजन थेरपी देकर 65 की उम्र में 25 का दिखने का दावा किया था। दंपती यह ऑक्सीजन मशीन इजरायल से नहीं बल्कि कानपुर में तैयारी करा रहे थे। जालसाज दंपती की पोल खुलकर सब के सामने आ चुकी है।

जालसाज दंपती की मशीन बनवाने को लेकर 40 लाख रुपए में बात तय हुई थी। एक इंजीनियर ने दावा किया है कि उसे मशीन बनाने में छह महीने का समय लगा था। वह शहर और अन्य जिलों के अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाता है। पुलिस जल्द ही उसके बयान दर्ज करेगी। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए आठ सादस्ययी एसआईटी का गठन किया है।

स्वरुप नगर थाना क्षेत्र स्थित के प्रणाम प्रभु अपार्टमेंट निवासी जिम संचालक राजीव दुबे और उनकी पत्नी रश्मि दुबे लग्जीरियस लाइफ जीते हैं। जिसकी वजह से अच्छी सोसायटी के लोग उनकी तरफ आसानी से आकर्षित हो जाते थे। राजीव दुबे और उनकी पत्नी रश्मि दुबे ने किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थिति साकेत नगर में रिवाईवल वर्ल्ड नाम से संस्था खोली थी। दंपती स्वाभाव से बड़े खूबसूरत और दिलखुश मिजाज के थे। जिसकी वजह से लोग दंपती की झांसे में बड़ी आसानी से आ जाते थे।

जलसाज दंपती ने इजरायल से 25 करोड़ की मशीन लाने और ऑक्सीजन थेरपी वृद्ध को जवान बनाने का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से 35 करोड़ की ठगी कर ली। स्वरूप नगर में रहने वाली रेनू सिंह चंदेल ने किदवई नगर थाने में 20 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से लगातार किदवई नगर थाने में आरोपी दंपती के खिलाफ शिकायतें पहुंच रही हैं। अब तक लगभग 20 लोग दंपती के खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुके हैं।

शनिवार को शहर के एक इंजीनियर ने दंपती की पोल खोलकर रख दी। इंजीनियर ने जब मशीन की सच्चाई बताई तो लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इंजीनियर की वायु इंडस्ट्रीज के नाम से फर्म रजिस्टर्ड है। 40 लाख रुपए में मशीन बनाने की बात तय हुई थी, जिसे छह महीने में बनाकर तैयार कर दिया था। लेकिन अभी भी 28.5 लाख रूपए बाकी है।

इंजीनियर ने बताया कि वह विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाते हैं। मार्च 2022 में राजीव दुबे से मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया था कि इजरायल में एक हाईपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी (एचबीओटी) मशीन है। उसी से मिलती जुलती मशीन बनवानी है। इस दौरान राजीव ने मुझे उस मशीन के फोटोग्राफ और वीडियो भी दिखाए थे। मशीन के स्ट्रेक्चर को मैंने समझ लिया था।

डीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि इस प्रकरण की जांच आठ सदस्यीय टीम करेगी। एसआईटी के अध्यक्ष किदवई नगर थाना प्रभारी बहादुर सिंह हैं। एसएसआई अवधेश शुक्ला, एसआई प्रदीप सिरोही, सर्विलांस प्रभारी अजय गंगवार, साइबर सेल प्रभारी सनित मलिक, महिला एसआई देविका, सिपाही मोहित कुमार, अबरार हुसैन सदस्य हैं। पुलिस ने जिम और रिवाईवल वर्ल्ड को सील कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.