अमेरिका और चीन के बीच तनाव को गंभीर सैन्य टकराव में बदलने से एक बड़ी गलती ने लगभग पहुंचा दिया था। ईरान युद्ध के दौरान अमेरिकी अधिकारियों को एक खुफिया रिपोर्ट मिली, जिसमें दावा किया गया था कि मध्य पूर्व में मौजूद एक चीनी जहाज परमाणु कार्यक्रम से जुड़े उपकरण लेकर जा रहा है।
रिपोर्ट के आधार पर अमेरिकी सेना ने जहाज को रोकने और उस पर कब्जा करने की तैयारी शुरू कर दी। सैनिकों को कार्रवाई के लिए तैयार किया गया और सैन्य विमानों को भी सक्रिय किया गया। हालांकि, कार्रवाई शुरू होने से पहले रिपोर्ट की दोबारा जांच की गई, जिसमें उसकी जानकारी संदिग्ध पाई गई।
जांच में सामने आया कि खुफिया जानकारी तैयार करने के दौरान AI चैटबॉट की मदद ली गई थी। जहाज के सामान से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां AI में डाली गईं, जिसके बाद सिस्टम ने उन्हें आपस में जोड़कर गलत निष्कर्ष निकाल दिया। इसी गलत निष्कर्ष को बाद में खुफिया रिपोर्ट का हिस्सा बना दिया गया।
मामले से जुड़े एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, रिपोर्ट में दी गई जानकारी पूरी तरह गलत थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अधिकारी ने किस AI टूल का इस्तेमाल किया था और चीनी जहाज पर वास्तव में किस तरह का सामान मौजूद था।
AI पर बढ़ती सैन्य निर्भरता से सुरक्षा का सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिकी सैन्य तंत्र में AI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। खुफिया सूचनाओं के विश्लेषण, संभावित लक्ष्यों की पहचान और सैन्य संसाधनों की तैनाती जैसे क्षेत्रों में AI तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
AI की मदद से बड़ी मात्रा में सूचनाओं का तेजी से विश्लेषण किया जा सकता है, लेकिन इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि संवेदनशील सैन्य मामलों में AI से मिली जानकारी को किस स्तर तक भरोसेमंद माना जाए।
अमेरिकी सेना के अलग-अलग विभाग अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न AI सिस्टम इस्तेमाल कर रहे हैं। इनसे मिलने वाली सूचनाओं की जांच की प्रक्रिया भी हर जगह एक जैसी नहीं है। ऐसे में गलत सूचना को बिना मानवीय सत्यापन के आगे बढ़ाने पर गंभीर सैन्य और कूटनीतिक परिणाम हो सकते हैं।
इंसानी जांच की जरूरत पर जोर
इस घटना के बाद सैन्य फैसलों में AI की भूमिका और उसकी सीमाओं को लेकर चर्चा बढ़ गई है। विशेषज्ञों के लिए सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि AI द्वारा तैयार की गई खुफिया जानकारी को अंतिम निर्णय का आधार बनाने से पहले कितने स्तर पर मानव अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाना चाहिए।
मामला यह भी दिखाता है कि AI तेज गति से जानकारी का विश्लेषण कर सकता है, लेकिन उसके निष्कर्षों को वास्तविक दुनिया के संवेदनशील फैसलों में इस्तेमाल करने से पहले स्वतंत्र जांच जरूरी है।
News Wani
