प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में एक महिला वकील का शव फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 33 वर्षीय कंचन सिंह के रूप में हुई है। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। करीब 10 महीने पहले उन्होंने धूमनगंज थाने में तैनात दरोगा जितेंद्र सिंह से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात घटना की सूचना मिलने के बाद फ्लैट को सील कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पति ने बताया- विवाद के बाद कमरे में चली गई थीं
दरोगा जितेंद्र सिंह के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच कंचन के माता-पिता कानपुर से प्रयागराज पहुंचे और करीब तीन दिन तक दोनों के साथ रहे। शनिवार शाम वे वापस कानपुर चले गए।
पति के मुताबिक, रात करीब 8 बजे कंचन कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद एक पारिवारिक मित्र ने फोन कर बताया कि कंचन ने उसे संदेश भेजा है कि वह आत्महत्या करने जा रही हैं।
इसके बाद जितेंद्र ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। वहां कंचन फंदे से लटकी मिलीं। उन्होंने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट को सील कर दिया। घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
News Wani
