लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे मामूली विवाद के बाद एक कबाड़ कारोबारी ने बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। पोते को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग पर आरोपी ने पेट और सीने में कई वार किए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, भरतनगर निवासी मगन बिहारी तिवारी अपने पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान मड़ियांव थाने के सामने एक ठेले पर कबाड़ लेकर जा रहे व्यक्ति के रॉन्ग साइड आने को लेकर संकल्प ने आपत्ति जताई। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर ठेले वाले ने चाकू निकालकर संकल्प पर हमला करने का प्रयास किया। पोते को खतरे में देखकर बाइक पर पीछे बैठे मगन बिहारी तिवारी तुरंत नीचे उतरे और उसे बचाने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद हमलावर ने संकल्प को छोड़कर बुजुर्ग पर चाकू से कई वार कर दिए।
चाकू के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी की पहचान बताई
पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलावर की पहचान राजकुमार उर्फ मलाई, उम्र करीब 40 वर्ष, के रूप में की है। वह केशवनगर इलाके में मार्कंडेय धर्मशाला के आसपास रहने और मोहल्लों में कबाड़ खरीदने का काम करने की जानकारी सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
करीब 16 साल पहले नगर निगम से हुए थे रिटायर
मृतक मगन बिहारी तिवारी नगर निगम में आरआर विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे और करीब वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के समय उनका पोता संकल्प उनके साथ था, जो इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा है।
मृतक के बेटे प्रदीप तिवारी भी नगर निगम के जोन-2 में सुपरवाइजर हैं। उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे। पिता की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, मगन बिहारी तिवारी के परिवार में पत्नी माया तिवारी, बेटा प्रदीप, बहू पुष्पा और तीन पोते-पोतियां हैं। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
News Wani
