बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दबंग ने वकील और उनके मामा-मामी पर चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। पुलिस आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच देर रात पुलिस ने प्रेमनगर इलाके से मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पांव में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह कह रहा है कि अब कभी बरेली में नहीं दिखूंगा, मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई।
प्रेमनगर थाने का गैंगस्टर है बिलाल: सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता बृजेश मिश्रा ने बताया कि वह शनिवार देर रात मामा के घर गुलाब नगर गए थे। आरोप है कि जब वह वहां से घर लौटने के लिए बाइक पर बैठ रहे थे, तभी बिलाल घोसी नाम के युवक ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर मामा व मामी आए तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमलावर ने उनका गला दबाने का प्रयास किया। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। घायलों को उपचार दिलाया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह थाने का गैंगस्टर है और जिला बदर रह चुका है।
News Wani
