Breaking News

तार चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़: 6 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

बरेली। क्योलड़िया पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके पांच साथियों को भी दबोच लिया गया। गिरोह के कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस, दो वाहन, बिजली के तार, ट्रांसफार्मर तेल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं।

बुधवार देर रात प्रभारी निरीक्षक क्योलड़िया पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बिजली के खंभों से तार काटने वाला गिरोह लाल रंग की गाड़ी में क्षेत्र में घूम रहा है और अंटगा चांदपुर मजार के पास वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम धनौर जागीर पुलिया के आगे पहुंची, जहां ट्यूबवेल के पास संदिग्ध वाहन खड़ा मिला। पुलिस ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर उसमें बैठे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को बैक कर भगाने की कोशिश की। इसी दौरान कार का पहिया खेत में फंस गया। पुलिस के मुताबिक वाहन में बैठे बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे।

आरोपी आसिफ के पैर में लगी गोली

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आसिफ पुत्र नन्हे निवासी अर्शियाभोज, बहेड़ी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मो. हसीन निवासी करमपुर चौधरी, इस्तिकार निवासी आमखेड़ा, मुजम्मिल निवासी अर्शियाभोज, मोहम्मद रेहान निवासी शेखूपुर बहेड़ी और अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरोह ने कई बिजली तार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

फतेहगंज पश्चिमी की घटनाओं का भी खुलासा

गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग पर दूसरी गाड़ी में इंतजार कर रहे उनके साथी आसिफ निवासी मंडनपुर सुमाली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से पहले चोरी किए गए बिजली के तार, ट्रांसफार्मर तेल और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुई दो बिजली तार चोरी की घटनाओं समेत कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में की गई घटनाओं की जांच कर रही है।

दो वाहन, अवैध तमंचे और भारी मात्रा में तार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, महिंद्रा केयूवी-100 कार, बोलेरो, 33 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम तार, पंच केबल, तांबे के तार, पांच लीटर ट्रांसफार्मर तेल, तार काटने की मशीन, आरी, ब्लेड, रिंच, पांच मोबाइल फोन और 3650 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना क्योलड़िया में पुलिस पर हमला, अवैध हथियार रखने, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

पति को दूसरी महिला के साथ देख बौखलाई पत्नी, चलती कार के बोनट पर लटकी; सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसे देखकर आप भी कांप जाएंगे. एक महिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *