लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) रविवार को अंतिम दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। राजधानी लखनऊ के 45 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने दो पालियों में परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर सघन जांच की गई। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों के कानों से बालियां उतरवाकर बाहर रखवाई गईं।
परीक्षा के दौरान समय की पाबंदी का सख्ती से पालन कराया गया। मटियारी निवासी आनंद महज छह मिनट की देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। आनंद ने बताया कि वह रैपिडो के माध्यम से परीक्षा केंद्र आ रहे थे, लेकिन रास्ते में देरी होने के कारण निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सके। उन्होंने बताया कि वह तीसरी बार PET परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे।
लखनऊ में पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित रही। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सुबह 9:30 बजे ही अभ्यर्थियों का प्रवेश बंद कर दिया गया।
पहली पाली में 75.98 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल
रविवार को पहली पाली की परीक्षा में कुल 19,152 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 14,551 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4,601 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। आयोग के आंकड़ों के अनुसार पहली पाली में 75.98 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 24.02 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरे जिलों से भी परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी
PET परीक्षा में शामिल होने के लिए आसपास के जिलों के अलावा दूर-दराज के जनपदों से भी अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचे। बाराबंकी से मनोज अपनी भतीजी को परीक्षा दिलाने बाइक से आए। वहीं रायबरेली के मुंशीगंज से आनंद कुमार अपनी पत्नी को परीक्षा केंद्र तक लेकर पहुंचे।
बलिया से आए संजय कुमार ने बताया कि उन्हें लगभग 400 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। पूरी रात यात्रा के दौरान बैठने की व्यवस्था नहीं मिलने के कारण उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ा।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई और प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। महिला अभ्यर्थियों की भी विशेष जांच की गई।
तीन दिनों तक चली PET परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। परीक्षा के अंतिम दिन भी प्रशासन ने निर्धारित समय और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया।
News Wani
