बरेली। रक्षाबंधन की रात बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में भाजपा नेता की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। बंसीनगला में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हमलावरों ने भाजपा मणिनाथ मंडल के ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष सचिन कश्यप को घेर लिया और उन पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल सचिन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सचिन की पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू की मां और आशीष मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुरानी रंजिश को बताया जा रहा हत्या का कारण
परिजनों के अनुसार करीब दो महीने पहले सचिन का पड़ोस में रहने वाले बाबू नाम के युवक से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद रंजिश बनी हुई थी। सचिन की पत्नी ने आरोप लगाया कि बाबू बच्चों के साथ गलत हरकत करता था, जिसका उनके पति ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और सचिन की हत्या कर दी गई।
सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की सही वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
भाजपा से लंबे समय से जुड़े थे सचिन
परिजनों ने बताया कि सचिन कश्यप लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे और क्षेत्र में लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान में मदद करते थे। कुछ वर्ष पहले तक वह प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई गई है। सचिन के पिता और उनके दो भाई रोडवेज स्टैंड पर पानी बेचने का काम करते हैं।
करीब दस वर्ष पहले सचिन की शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। सचिन आठ भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
रक्षाबंधन के त्योहार पर जिस घर में रिश्तेदारों और मेहमानों के आने से खुशियां थीं, वहां सचिन की हत्या की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सचिन की मां बेटे की मौत से बेसुध हैं। अचानक हुई हत्या से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
News Wani
