Breaking News

छोटे भाई के जनाजे के लिए जेल से बाहर आएंगे दोनों भाई, हादसे वाली कार का रिकॉर्ड भी सामने आया

प्रयागराज/झांसी। झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें आबान अहमद की दर्दनाक मौत के बाद अब मामले में लगातार नए और बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। परिवार से जुड़ी सबसे बड़ी खबर यह है कि जेल में बंद उसके दोनों भाइयों को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल दे दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों भाइयों को कड़ी निगरानी में बाहर लाया जाएगा और वे अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल हो सकेंगे। आबान का शव प्रयागराज लाया गया था, जहां शुक्रवार को भारी गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

इसी बीच हादसे को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड से पता चला है कि जिस कार से यह हादसा हुआ, उसके खिलाफ पिछले चार वर्षों में लगातार ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन दर्ज हैं। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 से 2026 के बीच इस वाहन पर कुल 16 चालान किए गए हैं, जिनमें से 6 चालान ओवरस्पीडिंग के हैं। यह भी सामने आया है कि इनमें से केवल आठ चालानों का ही भुगतान किया गया है, जबकि बाकी आठ अभी भी लंबित हैं।

हादसे के वक्त कार मोहम्मद जैद चला रहा था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई।

झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में आबान अहमद और शाकिर उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हैं और यह भी देखा जा रहा है कि क्या वाहन की लगातार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बनी।

About NW-Editor

Check Also

सट्टा कनेक्शन का बड़ा खुलासा: करोड़ों के सोने के साथ युवती गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के झांसी में ऑनलाइन सट्टा रैकेट के खुलासे के बाद बड़ा मामला सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *