खागा, फतेहपुर। मंडी समिति में स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के तहत मुख्यमंत्री के निर्देश एवं मार्गदर्शन तथा राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। अभियान के तहत मंडी परिसर में साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई कर उसे आकर्षक रूप दिया गया। दीपोत्सव के अवसर पर पूरी मंडी पांच सौ दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। दीपों की जगमगाहट और स्वच्छ वातावरण देखकर किसानों एवं व्यापारियों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
किसानों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मंडी में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाएं और सम्मान का अनुभव हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंडी सचिव सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि मंडी में किसानों के लिए संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी अभियान के तहत पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई गई है। आगे भी मंडी को इसी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंडी में किसानों की सुविधा के लिए नीलामी की पारदर्शी व्यवस्था, सही तौल, समय पर भुगतान, विश्राम गृह, पेयजल, शौचालय, छाया के लिए टिनशेड, पार्किंग और किसान सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हैं। इसके अलावा कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मंडी शुल्क से विकास कार्य और अन्य किसान हितकारी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।
इस मौके पर मंडी के व्यापारी बृज किशोर, गोरे मौर्य, ओम प्रकाश, तेज प्रताप सिंह, निखिल, पिंटू, रजत, प्रवीण पांडेय, रामप्रताप, छोटू परिहार, अपर्णा गौतम, श्रीपाल, धर्मेंद्र परिहार, अन्नू कटियार, विमलेश पांडेय, राजेंद्र यादव, सर्वेश यादव, महेंद्र सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी एवं मंडी कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
