बहुआ, फतेहपुर। विकासखंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर स्थित सामुदायिक मिलन केंद्र परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित और विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी रत्नाकर त्रिपाठी मौजूद रहीं।
चौपाल में विकास, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास, पशुपालन, राजस्व और लघु सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित ने गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
उन्होंने चौपाल की बेहतर व्यवस्था, ग्रामीणों की सहभागिता और ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की सक्रियता की सराहना की। इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं निराश्रित महिला पेंशन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित ने एक गर्भवती महिला की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। इस दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं।
इस मौके पर एडीओ पंचायत विष्णु कुमार वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी हौसला प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह राजपूत, सुपरवाइजर कृष्णा चंद्र, जेई लघु सिंचाई योगेंद्र सिंह पाल, चिकित्साधिकारी डॉ. रंजीत, फार्मासिस्ट राजेंद्र कुमार, सीएचओ रंजना कैथल, ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार, पंचायत सहायक अनुराग कश्यप सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
News Wani
