Breaking News

दीपावली के रंग में रंगा फतेहपुर, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़; मिठाई और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बढ़ी मांग

फतेहपुर। हिंदू समाज का सबसे बड़ा पर्व दीपावली कल अमावस्या के दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दीपावली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महंगाई के बावजूद लोग पूरी उमंग के साथ पर्व मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

दीपावली के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व है। इसी के चलते मिट्टी और पीओपी से बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी के बाद अब लोग दीपावली के महापर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शहर के बाजारों में चारों ओर रोशनी, सजावट और पटाखों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दीपावली दीये और मिठाइयों का भी प्रमुख त्योहार है, इसलिए मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में दीपावली का विशेष स्थान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम अपनी पत्नी माता सीता और अनुज लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है। हजारों वर्ष बीत जाने के बाद भी भगवान श्रीराम से जुड़ा यह पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है।

दीपावली और दीपों का आपस में गहरा संबंध है। इस त्योहार पर घरों में मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा आज भी कायम है। बाजारों में सोने, चांदी, पीतल और तांबे के दीपकों के साथ मिट्टी के दीयों की भी खूब बिक्री हो रही है। मान्यता है कि दीप जलाने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

दीपावली पर दीये जलाने के पीछे कुछ पारंपरिक और वैज्ञानिक मान्यताएं भी जुड़ी हुई हैं। लोगों का मानना है कि सरसों या राई के शुद्ध तेल से दीपक जलाना शुभ होता है। वहीं, वर्षा ऋतु के बाद वातावरण में बढ़ने वाले कीट-पतंगों को नियंत्रित करने में भी दीपों की भूमिका मानी जाती है।

पर्व को लेकर शनिवार को भी बाजारों में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। लोगों ने घरों की सजावट, पूजा सामग्री, मिठाइयों, दीपों और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी की। जनपद में रविवार को दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। वहीं, सोशल मीडिया पर भी शनिवार से ही त्योहार की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग अपने मित्रों और रिश्तेदारों को दीपावली की बधाइयां देते नजर आए।

About NW-Editor

Check Also

गोमाता के संरक्षण को लेकर देशव्यापी मुहिम तेज, उपराज्यपाल के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें

फतेहपुर। गोमाता के सम्मान, संरक्षण एवं सेवा के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *