न्यूज़ वाणी। मशहूर गायक दलेर मेहंदी की लाइव परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब संगीत जगत में चर्चा का विषय बन गया है। हाल ही में वरिष्ठ गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की गायकी पर सवाल उठाते हुए उन पर लिप सिंकिंग करने का आरोप लगाया था। इस टिप्पणी के बाद दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने नाराजगी जाहिर करते हुए पिता का खुलकर बचाव किया है।
गुरदीप मेहंदी ने एक लाइव कार्यक्रम के दौरान अभिजीत भट्टाचार्य की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ कलाकार चंद व्यूज हासिल करने के लिए कहीं भी और कुछ भी बयान दे देते हैं। उन्होंने कहा कि अभिजीत भट्टाचार्य जैसे वरिष्ठ गायक से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं थी, खासकर तब जब बात दलेर मेहंदी जैसे दिग्गज कलाकार की हो।
गुरदीप ने दर्शकों के सामने अपने पिता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा लाइव गाना सीखा है। लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कभी-कभी गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कलाकार दर्शकों को धोखा दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि दलेर मेहंदी कार्यक्रम में लिप सिंकिंग नहीं कर रहे थे और जरूरत पड़ने पर वह उनकी परफॉर्मेंस की फुटेज भी उपलब्ध करा सकते हैं।
अभिजीत की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
दरअसल, छत्तीसगढ़ के एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देते समय अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि एक कार्यक्रम में मंत्री ने मंच पर आकर गायक से सवाल किया था कि वह गाना नहीं गा रहे हैं और उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा। अभिजीत ने कहा कि वह खुद बेसुरा गा सकते हैं या थक सकते हैं, लेकिन हमेशा लाइव गाना पसंद करेंगे और दर्शकों को धोखा नहीं देंगे।
उत्तराखंड के कार्यक्रम में हुई थी तीखी नोकझोंक
इस पूरे विवाद की शुरुआत 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले से हुई थी। यहां दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए थे। उन्होंने गायक पर शराब पीकर कार्यक्रम करने और ठीक से गाना नहीं गाने का आरोप लगाया था।
मंत्री की इस टिप्पणी के बाद दलेर मेहंदी मंच पर असहज नजर आए और उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ देर बाद उन्होंने फिर से अपनी प्रस्तुति शुरू कर दी। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला काफी चर्चा में आ गया।
मीका सिंह ने भी किया था दलेर मेहंदी का समर्थन
घटना के बाद गायक मीका सिंह ने अपने भाई दलेर मेहंदी का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब नहीं पी और कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत खराब थी। इसके बावजूद उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक प्रस्तुति दी। मीका सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए माफी की मांग भी की थी।
वहीं, शिल्पा शेट्टी, राजपाल यादव, अनुपम खेर, बादशाह, शान और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने भी मंत्री के व्यवहार की आलोचना की थी।
माफी के बजाय इस्तीफा देने की बात कह चुके हैं मंत्री
विवाद के बीच मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने रुख पर कायम रहते हुए कहा था कि यदि उन्हें दलेर मेहंदी से माफी मांगने के लिए कहा गया तो वह पद छोड़ना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। उनका कहना था कि उनके लिए किसी भी पद से ज्यादा आत्मसम्मान महत्वपूर्ण है।
फिलहाल इस पूरे मामले में लाइव परफॉर्मेंस, कलाकारों के सम्मान और मंच पर व्यवहार को लेकर बहस जारी है। गुरदीप मेहंदी के बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
News Wani
