Breaking News

लखनऊ में मिठाइयों का शाही अंदाज, 60 हजार रुपये किलो तक पहुंची कीमत; गोल्ड प्लेटेड मिठाई और अनोखे गिफ्ट पैक बने आकर्षण

लखनऊ। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों के बाजार में इस बार खास रौनक देखने को मिल रही है। राजधानी के बाजारों में पारंपरिक मिठाइयों के साथ कई तरह की प्रीमियम और आकर्षक मिठाइयां ग्राहकों को लुभा रही हैं। सबसे ज्यादा चर्चा सोने की परत चढ़ी उस खास मिठाई की है, जिसकी कीमत 60 हजार रुपये प्रति किलो तक है। वहीं अंजीर, खजूर, मैंगो और ड्राईफ्रूट से तैयार मिठाइयों की भी खूब मांग बनी हुई है।

इस बार मिठाई कारोबारियों ने ग्राहकों के लिए स्वाद के साथ आकर्षक पैकेजिंग पर भी विशेष ध्यान दिया है। पटाखों, अनार, चकरी और सुतली बम के आकार के डिब्बों में मिठाइयां पैक की जा रही हैं। इसके अलावा पैराशूट और हॉट एयर बैलून की थीम पर तैयार गिफ्ट हैंपर भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनकी कीमत 20 रुपये से शुरू होकर 3 हजार रुपये तक है।

10 देशों के ड्राईफ्रूट से तैयार होती है खास मिठाई

बाजार में सबसे महंगी मिठाइयों में गोल्ड प्लेटेड एग्जॉटिका शामिल है। इसकी कीमत 60 हजार रुपये प्रति किलो बताई जा रही है। इसे तैयार करने में विभिन्न देशों से मंगाए गए महंगे ड्राईफ्रूट और खास सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें अमेरिका की ब्लूबेरी, ईरान का पिस्ता, अफगानिस्तान का बादाम, दक्षिण अफ्रीका के मैकाडामिया नट्स, ब्राजील नट्स, किन्नौर का चिलगोजा और कश्मीर का केसर शामिल हैं। इसके ऊपर सोने की पतली परत चढ़ाई जाती है, जो इसे शाही रूप देती है।

अंजीर, खजूर और मैंगो मिठाइयों की बढ़ी मांग

पारंपरिक मिठाइयों के साथ इस बार स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर तैयार की गई मिठाइयां भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। अंजीर कटलेट, खजूर के लड्डू और मैंगो बाइट जैसी नई वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं। दुकानदारों के मुताबिक प्रीमियम मिठाइयों में भुने हुए ड्राईफ्रूट का इस्तेमाल किया जा रहा है। मैंगो बाइट करीब 1000 रुपये किलो बिक रही है, जबकि काजू कतली की कीमत गुणवत्ता और वैरायटी के अनुसार 1400 से 5000 रुपये प्रति किलो तक है।

50 से अधिक वैरायटी में उपलब्ध मिठाइयां

मिठाई की दुकानों पर छेना, खोया, मोतीचूर के लड्डू, टर्की बकलावा, मिल्क केक, सोन पापड़ी, व्हाइट चॉकलेट और खजूर से बनी मिठाइयों की भी अच्छी मांग है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब स्वाद के साथ मिठाई की गुणवत्ता, पैकिंग और सामग्री पर भी ध्यान दे रहे हैं। गिफ्ट पैक के रूप में 1500 से 5000 रुपये तक की मिठाइयां खरीदी जा रही हैं।

400 करोड़ रुपये से अधिक कारोबार की उम्मीद

दीपावली के अवसर पर लखनऊ में छोटी-बड़ी तीन हजार से अधिक मिठाई की दुकानें ग्राहकों से गुलजार हैं। कारोबारियों को इस बार बड़े कॉर्पोरेट ऑर्डर भी मिल रहे हैं। त्योहार के अंतिम दिन तक मिठाइयों और गिफ्ट हैंपर की खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस दीपावली पर मिठाई कारोबार 400 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच सकता है।

About NW-Editor

Check Also

सिद्धार्थनगर में महिला से बर्बरता का आरोप, निर्वस्त्र कर खंभे से बांधकर पीटने का दावा; प्रधान समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप

लखनऊ। सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित मारपीट, यौन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *