Breaking News

पार्किंग विवाद ने लिया खूनी रूप, टेक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सेक्टर-21C में टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस हमले में परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी के बेटे द्वारा पार्किंग में कुत्ते को गंदगी कराने और सफाई को लेकर परमजीत के परिवार की ओर से आपत्ति जताई जाती थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।

जिम से लौटने के बाद पार्किंग में हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब आठ बजे परमजीत जिम से लौटकर घर पहुंचे थे। इस दौरान उनकी निर्धारित पार्किंग की जगह पर मोनू शर्मा की कार खड़ी थी। परमजीत ने जब कार हटाने के लिए कहा तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर फायरिंग शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से नौ गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

शादी में शामिल होने सिंगापुर से लौटे थे परमजीत

परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे और उनका परिवार फरीदाबाद में ही रहता था। वह पांच नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से घर लौटे थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना के बाद मृतक के बेटे शौर्या ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर कारतूसों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

आरोपी परिवार समेत फरार, तलाश में जुटी पुलिस

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, शुरुआती जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। मृतक के बेटे की शिकायत पर मुख्य आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले की जांच जारी है।

About NW-Editor

Check Also

होटल में हैवानियत: सहेली का दोस्त बना रेपिस्ट, 22 साल की प्लेयर कैसे फंसी?

फरीदाबाद : डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज दिल्ली में चल रही प्रतियोगिता में भिवानी से हिस्सा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *