Breaking News

KMP एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, यूपी के छह लोगों की मौत

मैनपुरी/फरीदाबाद। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बताया गया कि मैनपुरी जिले के श्रद्धालु शुक्रवार को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वे मथुरा-वृंदावन की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान तड़के KMP एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने की वजह से पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में ऊपर और नीचे दोनों स्थानों पर यात्रियों के बैठने और सोने की व्यवस्था थी। टक्कर के दौरान ऊपर सो रहे कई यात्री नीचे गिर गए, जिससे कई लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान विजय सिंह यादव (65), राजकुमार (40), रेशमा देवी (50), कमला देवी (60), सुधा (45) और महेश (50) के रूप में हुई है।

भाई की मौत से टूट गए गजराज सिंह

विजय सिंह यादव की मौत ने उनके बड़े भाई गजराज सिंह को पूरी तरह तोड़ दिया है। भाई को याद करते हुए वह बार-बार फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि विजय से उनका बेहद गहरा लगाव था और दोनों भाई जब भी समय मिलता, खेत पर लगी समर के पास बैठकर खेती-किसानी की बातें करते और अपने सुख-दुख साझा करते थे।

गजराज सिंह ने भावुक होकर कहा कि उनका प्यारा भाई उन्हें छोड़कर चला गया। भाई के साथ बिताए पुराने पल याद कर वह खुद को संभाल नहीं पा रहे थे।

पोते से किया था लौटकर आने का वादा

विजय सिंह अपने इकलौते नाती यश से बेहद प्यार करते थे। धार्मिक यात्रा पर जाने से पहले उन्होंने यश से वादा किया था कि वह उसके लिए कड़ा लेकर आएंगे। मासूम यश को उम्मीद थी कि उसके बाबा यात्रा से लौटकर उसके लिए उपहार लेकर आएंगे, लेकिन इससे पहले ही परिवार को उनके निधन की दुखद खबर मिल गई।

अंतिम संस्कार के दौरान गजराज सिंह ने यश को अपने सीने से लगा लिया। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। एक तरफ परिवार अपने सदस्य को खोने के गम में डूबा था, तो दूसरी तरफ मासूम यश अपने बाबा के लौटने का इंतजार खत्म होने का दर्द झेल रहा था।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक और पिकअप चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय पिकअप की गति कितनी थी और चालक को झपकी आने की स्थिति कैसे बनी।

इस दर्दनाक हादसे से मैनपुरी के कई परिवारों में मातम पसरा हुआ है। धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

About NW-Editor

Check Also

“अल-फलाह यूनिवर्सिटी मस्जिद के इमाम की पत्नी ने खोला राज, सामने आए चौंकाने वाले खुलासे”

फरीदाबाद  : दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद हिरासत में लिए गए फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *