वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ एक 26 वर्षीय वेनेजुएलाई युवक को गिरफ्तार किए जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। युवक की कार से तीन अत्याधुनिक हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में ऐसी आवाजें आती थीं, जो उसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या करने के लिए कहती थीं।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने गुरुवार रात करीब 11:42 बजे कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक नीली फोर्ड एफ-150 को देखा। कार के अंदर युवक अकेला सोता हुआ मिला। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की।
युवक की पहचान 26 वर्षीय रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। वह अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था, इसलिए उसने गूगल ट्रांसलेट के जरिए अधिकारियों से बातचीत की। इसी दौरान उसने अपनी कार में हथियार होने की जानकारी दी। जांच में कार चोरी की होने का भी खुलासा हुआ।
कार से तीन हथियार और कारतूस बरामद
अधिकारियों की तलाशी में कार के अंदर एक AR-15 स्टाइल राइफल, MAC-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल बरामद हुई। इसके अलावा कई कारतूस भी मिले। युवक ने दावा किया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी और उसने एक व्यक्ति से बंदूक छीन ली थी। उसने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कुछ हथियार खरीदे थे।
पूछताछ के दौरान युवक ने कहा कि वह चोरी की कार में ही रह रहा था और अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता था।
हथियार रखने और चोरी के कई मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने युवक के खिलाफ बिना वैध अनुमति हथियार रखने, राइफल और पिस्टल के पंजीकरण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने तथा कारतूस रखने के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के मामले भी दर्ज किए गए हैं। उसे सोमवार को संघीय अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।
ट्रम्प की सुरक्षा को लेकर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इससे पहले भी कई सुरक्षा संबंधी घटनाओं का सामना कर चुके हैं। जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली के दौरान उन पर गोली चलाई गई थी। गोली उनके कान को छूकर निकल गई थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दो अन्य घायल हुए थे।
इसके बाद सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित गोल्फ क्लब के पास एक संदिग्ध राइफल लेकर छिपा मिला था। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अदालत ने उसे ट्रम्प की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी ठहराया।
वहीं, 25 अप्रैल 2026 को वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान भी सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना सामने आई थी। एक संदिग्ध शॉटगन लेकर सुरक्षा जांच क्षेत्र में घुस गया था। इस दौरान गोलीबारी में सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हुआ था, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उसकी जान बच गई।
व्हाइट हाउस के नजदीक हथियारों के साथ युवक की गिरफ्तारी ने एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील सरकारी इलाकों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
News Wani
