बांदा। न्यूज़ वाणी ब्यूरो। दीपावली के पर्व पर बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से जिला युवा अधिकारी कार्यालय ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) बांदा की ओर से स्थानीय वृद्धाश्रम में दिवाली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और सम्मान का एहसास कराया।
समारोह की शुरुआत जिला युवा अधिकारी एवं युवा स्वयंसेवकों द्वारा वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानने के साथ हुई। युवाओं ने बुजुर्गों से बातचीत की और उनके जीवन के अनुभव सुने। इस दौरान सभी ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, अपनत्व और खुशियां बांटने का अवसर भी है। बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें परिवार जैसा अपनापन देना ही इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य है।
समारोह के दौरान युवा स्वयंसेवकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। भजनों का आनंद लेते हुए वृद्धाश्रम के बुजुर्ग भावुक नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा अधिकारी श्रेयांश राय एवं कार्यालय सहायक मानसिंह की ओर से सभी बुजुर्गों को मिठाई और फल वितरित किए गए। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।
युवाओं के साथ और स्नेह भरे व्यवहार से बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। कई बुजुर्ग इस आत्मीय मुलाकात के दौरान भावुक भी हो गए।
इस अवसर पर विभागीय कर्मचारियों के साथ समाजसेवी राजकुमार नामदेव, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक हर्ष तथा पूर्व एमटीएस रवि अवस्थी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
News Wani
