न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर देखने को मिला। समय पर खाद उपलब्ध न होने से नाराज ग्रामीणों ने बबेरू-बांदा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
चक्का जाम की सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के विधायक विशंभर यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि खाद की समय पर उपलब्धता न होने के कारण फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। खाद के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की जरूरत के मुताबिक जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि खेती-किसानी का काम प्रभावित न हो। खाद संकट को लेकर किसानों में नाराजगी बनी हुई है।
News Wani
