फतेहपुर (न्यूज़ वाणी)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं, कार्यक्रमों, बजट के सापेक्ष भुगतान और सीएम डैशबोर्ड पर स्वास्थ्य संकेतकों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में होने वाली गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी का भी डाटा एकत्र कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए आशा की बैठकों में गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी और एएनसी की स्थिति की संवेदनशीलता के साथ समीक्षा करने तथा एएनसी रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करते हुए संबंधित पोर्टल पर समय से फीडिंग की जाए। प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के जिन लाभार्थियों का भुगतान लंबित है, उनका भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए। स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित प्रत्येक कार्य की पोर्टल पर सही और समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ई-संजीवनी के तहत संबंधित चिकित्साधिकारियों को टेली कंसल्टेशन के माध्यम से संवेदनशीलता के साथ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर सभी आवश्यक जांच और अनुमन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और लगातार फॉलोअप करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टॉप-3 आशा कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित एमओआईसी को भी प्रशंसा प्रमाण पत्र देने को कहा। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को सीएचओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और कार्यशैली संतोषजनक न पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। गर्भवती महिलाओं को हाईरिस्क प्रेग्नेंसी के संबंध में जरूरी जानकारी देकर जागरूक किया जाए। वीएचएसएनडी दिवस पर सभी अनुमन्य जांच एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा जरूरत के अनुसार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और दवाएं उपलब्ध कराने को कहा। नवजात शिशुओं को मानक के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं देने के साथ माता-पिता को नवजात की देखभाल और जरूरी सावधानियों के संबंध में जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएमएस, पीडी डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सलाहकार मातृ स्वास्थ्य आलोक कुमार, डीपीएम सहित समस्त एमओआईसी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Wani