महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. यहां एक महिला ने फोन पर पति से हुए विवाद के बाद अपनी ही एक वर्ष की मासूम बच्ची को फांसी के फंदे से लटकाकर मौत के घाट उतार दिया. मां की ममता को शर्मसार करने वाली इस घटना से पूरा परिवार और इलाका सदमे में है. पुलिस ने हत्यारोपी मां को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.
अरविंद शराब का आदी, दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते
बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी उमारानी की बेटी खुशबू की शादी चरखारी क्षेत्र के अरविंद से हुई थी. अरविंद शराब का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. खुशबू अपने पति के साथ अलग रहना चाहती थी, लेकिन अरविंद इसके लिए तैयार नहीं था. लगातार झगड़ों और तनाव से परेशान खुशबू कुछ समय पहले अपनी एक साल की बेटी ऋषिका को लेकर मायके आ गई थी. खुशबू की मां उमारानी ने बताया कि खुशबू मानसिक रूप से कमजोर भी रही है, जिसका इलाज कराया जा चुका था.
कमरे में मौजूद अपने भाई को बताया :
मंगलवार की सुबह फिर से पति-पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हुई. इसी विवाद से आहत होकर खुशबू ने गुस्से में आकर अपनी मासूम बेटी को फांसी के फंदे से लटका दिया. इसके बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश की, लेकिन असफल रही. घटना की जानकारी तब हुई जब खुशबू ने दूसरे कमरे में मौजूद अपने भाई को बताया कि उसने अपनी ही बेटी को मार डाला है. सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने हत्यारोपी मां खुशबू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
एक पूरे परिवार की खुशियां भी छीन लीं
मासूम की मौत से पूरा परिवार टूट गया है. इलाके के लोग इस वारदात से हैरत में है कि एक मां अपने ही बच्चे के साथ इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकती है. पति-पत्नी के विवाद ने न सिर्फ एक मासूम की जान ले ली, बल्कि एक पूरे परिवार की खुशियां भी छीन लीं.
News Wani
