फतेहपुर। प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक एवं महर्षि विद्या मंदिर के पूर्व प्राचार्य अनिल कुमार मिश्रा की आठवीं पुण्यतिथि पर ओम घाट भिटौरा में श्रद्धांजलि सभा एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिजनों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा शिक्षा जगत में दिए गए अविस्मरणीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान रामनारायण ने कहा कि कुछ व्यक्तित्व समय के साथ विस्मृत नहीं होते, बल्कि अपने सत्कर्मों, आदर्शों और प्रेरणाओं के माध्यम से सदैव जीवित रहते हैं। श्री अनिल कुमार मिश्रा ऐसे ही विरले व्यक्तित्व थे, जिनकी स्मृतियां आज भी असंख्य लोगों के हृदय में श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के रूप में जीवंत हैं।
उन्होंने कहा कि अनिल कुमार मिश्रा का जीवन इस बात का उदाहरण था कि सच्चा नेतृत्व केवल पद से नहीं, बल्कि कर्म, चरित्र, अनुशासन और दूसरों के जीवन में किए गए सकारात्मक बदलावों से पहचाना जाता है। आज भले ही वे हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संस्कार, आदर्श एवं प्रेरणादायी स्मृतियां सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।
स्वामी विज्ञानानंद सहित अन्य साधु-संतों ने भी श्री मिश्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सिंधु प्रभा, पुत्र डॉ. दिव्यांश मिश्रा, पुत्री शिप्रा तिवारी, आशीष तिवारी, पुत्री डॉ. अंजलि मिश्रा, डॉ. विवेक शुक्ला, पौत्र बेबो, मुदित, दैविक एवं प्रारब्ध सहित मिश्रा परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
News Wani
