Breaking News

शानो-शौकत से मनाया जाएगा 50वां सालाना उर्स-ए-मुकद्दस; 12 से 14 नवंबर तक गूंजेंगे सूफियाना कलाम

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। शहर के कोतवाली रोड स्थित शेख सरवर साहब की मस्जिद के सामने दरगाह हजरत बाबा कुतुबुद्दीन शाह वारसी (रह.) में 50वां सालाना उर्स-ए-मुकद्दस 12 से 14 नवंबर 2026 तक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में कुरान ख्वानी, फातिहा ख्वानी, चादरपोशी, गुलपोशी, लंगर-ए-आम और महफिल-ए-शमा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उर्स में स्थानीय जायरीनों के साथ ही आसपास के जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजकों के मुताबिक, उर्स का शुभारंभ 12 नवंबर, गुरुवार को होगा। पहले दिन सुबह नमाज-ए-फज्र के बाद कुरान ख्वानी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद नमाज-ए-जुहर के बाद फातिहा ख्वानी और तबर्रुक तकसीम किया जाएगा। वहीं रात में नमाज-ए-इशा के बाद जिक्र शरीफ की महफिल सजेगी, जिसमें जायरीन और अकीदतमंद अल्लाह की इबादत और जिक्र में शामिल होंगे।

13 नवंबर को होगा लंगर और महफिल-ए-शमा का आयोजन

उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को सुबह 9 बजे फातिहा ख्वानी के साथ लंगर-ए-आम का आयोजन किया जाएगा। इसमें आने वाले सभी लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था रहेगी। शाम को नमाज-ए-असर के बाद लगभग 4 बजे चादरपोशी, शजरा ख्वानी और सलातो-सलाम पेश किया जाएगा।

इसी दिन रात 8 बजे निम्नीपार क्षेत्र के प्रागी तालाब स्थित खानकाह कादरिया कमालिया में नातो-मनकबत और महफिल-ए-शमा का आयोजन होगा। इस दौरान स्थानीय और बाहर से आने वाले मशहूर कव्वाल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सूफियाना कलाम पेश करेंगे। उनकी कव्वालियों से पूरी महफिल रूहानियत और अकीदत के रंग में रंगी नजर आएगी।

14 नवंबर को होगा उर्स का मुख्य आयोजन

तीसरे और अंतिम दिन शनिवार, 14 नवंबर को उर्स का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे निम्नीपार क्षेत्र के प्रागी तालाब, कमालगंज स्थित खानकाह-ए-कमालिया में चादरपोशी, गुलपोशी, शजरा ख्वानी और फातिहा ख्वानी की रस्म अदा की जाएगी। इसके साथ ही महफिल-ए-शमा में कव्वाल सूफियाना कलाम पेश करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर लंगर-ए-आम का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर शाह सैय्यद नूरुल हसन कादरी चिश्ती साबरी वारसी, सज्जादानशीन खानकाह कुतबिया कमालिया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अलावा विभिन्न खानकाहों के मशायख और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

बाहर से भी पहुंचेंगे मशहूर कव्वाल

उर्स को यादगार बनाने के लिए आयोजकों की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में स्थानीय कव्वालों के साथ ही बाहरी क्षेत्रों से भी मशहूर कव्वालों को आमंत्रित किया गया है। महफिल-ए-शमा में नात, मनकबत और सूफियाना कलाम के जरिए औलिया-ए-किराम की शान में कलाम पेश किए जाएंगे।

आयोजकों ने बांदा सहित आसपास के जनपदों के सभी अकीदतमंदों और आशिकाने औलिया से अपील की है कि वे तीनों दिन आयोजित होने वाले उर्स-ए-मुकद्दस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लें और आपसी भाईचारे, मोहब्बत तथा सौहार्द का संदेश दें।

About NW-Editor

Check Also

बिजली विभाग की लापरवाही से जला मकान,अब सात लाख चुकाएगा निगम;अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई के आदेश

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बिजली विभाग की लापरवाही से हुए अग्निकांड में मकान और घरेलू …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *