Breaking News

आसमान से बरसी आग, 42 डिग्री पार पहुंचा पारा

– तपिश से बेहाल हुए लोग, दोपहर बाद सड़कों पर पसरा सन्नाटा
– धूप से बचने के लिए दुपट्टे से सिर ढकती युवती।
फतेहपुर। मई की तपती दोपहरी ने जिले में लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शनिवार को सूर्यदेव ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि आसमान से मानो आग बरसने लगी। जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचते ही गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। बीते तीन दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी ने आम जनजीवन पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगीं। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से राहगीरों का हाल बेहाल रहा। लोग सिर पर गमछा और चेहरे को कपड़ों से ढंककर निकलते दिखे। भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ नजर आया। पेड़ों की छांव में जानवर सुस्ताते दिखे तो वहीं प्यास से बेहाल पक्षी पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। शहर के कई स्थानों पर दोपहर के समय सड़कों पर आवारा पशु भी कम दिखाई दिए। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों, बेल के शरबत, नींबू पानी और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। मौसम के तेवर देखकर लोगों का कहना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में हालात और भी कठिन हो सकते हैं।

About NW-Editor

Check Also

स्मारक व सड़कों पर दर्ज हो वीरों का नाम: विद्या भूषण

– पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की हुई मासिक बैठक – बैठक को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *