– ग्रेजुएशन कैप पहनकर बच्चों ने कार्यक्रम को बनाया यादगार
– छात्र को ग्रेजुएशन कैप पहनाकर स्वागत करते विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य।
फतेहपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में कक्षा 7, 8, 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक नितीश कुमार एवं प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरे वातावरण में उत्साह, उल्लास एवं प्रेरणा का संचार हो गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। छात्र-छात्राएं विशेष परिधान में अत्यंत उत्साहित एवं प्रसन्न दिखाई दिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास के लिए सम्मानित किया गया। ग्रेजुएशन कैप पहनकर विद्यार्थियों ने इस विशेष क्षण को यादगार बना दिया। प्रबंधक नितीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रेजुएशन सेरेमनी विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उन्हें नई कक्षाओं और नई जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सफलता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाकर अपने जीवन में ऊँचाइयों को प्राप्त करें और विद्यालय का नाम रोशन करें। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायक कार्यक्रम की सराहना की। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल जीवन की कामना की। यह ग्रेजुएशन सेरेमनी विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई।

News Wani