Breaking News

एशियन गेम्स के 12वें दिन भारत की शानदार शुरुआत: सेलिंग में सिल्वर, महिला स्क्वॉश टीम ने जीता ब्रॉन्ज; कुश्ती में नीतेश फाइनल में

नागोया। एशियन गेम्स के 12वें दिन भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए दो पदक अपने नाम किए। सेलिंग के मेंस स्किफ इवेंट में प्रिंस कुरिसिंकल नोबल और मनु फ्रांसिस की जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं महिला स्क्वॉश टीम ने भी अपने प्रदर्शन से ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

भारत को दिन की शुरुआत में ही दो पदक मिलने से पदक तालिका में उसकी स्थिति मजबूत हुई है। भारत के खाते में अब तक 10 गोल्ड समेत 62 मेडल हैं और वह पदक तालिका में 8वें स्थान पर है।

नीतेश सिवाच ने कुश्ती के फाइनल में बनाई जगह

कुश्ती में भारत के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई। पुरुषों के ग्रीको-रोमन 97 किग्रा वर्ग में नीतेश सिवाच ने सेमीफाइनल में मंगोलिया के गंखुयाग गनबातार को 9-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। गनबातार हांगझोउ एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं।

नीतेश की इस जीत के साथ भारत का कुश्ती में एक और पदक पक्का हो गया है। फाइनल में उनका मुकाबला ईरान के मेहदी बालिहामजेहदेह या जापान के यूरी नाकाजातो से होगा।

महिला स्क्वॉश टीम को ब्रॉन्ज

महिला स्क्वॉश टीम इवेंट में भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना हॉन्ग कॉन्ग से हुआ। तन्वी खन्ना ने ली का यी को 3-1 से हराकर भारत को मुकाबले में वापसी दिलाई। हालांकि निर्णायक मुकाबले में भारत को जीत नहीं मिली और टीम को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।

इससे पहले अनाहत सिंह को चान सिन युक के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

सेलिंग में प्रिंस और मनु ने दिलाया सिल्वर

सेलिंग के मेंस स्किफ इवेंट में प्रिंस कुरिसिंकल नोबल और मनु फ्रांसिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से भारत के खाते में दिन का एक और पदक जुड़ा।

वॉलीबॉल में पाकिस्तान से हारी भारतीय टीम

पुरुष वॉलीबॉल के क्वार्टर फाइनल में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने मुकाबला 25-19, 25-23 और 25-18 से अपने नाम किया। इस हार के साथ एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम का अभियान समाप्त हो गया।

कुश्ती में मानसी अहलावत ब्रॉन्ज की दौड़ में

महिला 62 किग्रा वर्ग में मानसी अहलावत ने क्वार्टर फाइनल में साउथ कोरिया की जो सु-बीन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि सेमीफाइनल में उन्हें जापान की दो बार की वर्ल्ड चैंपियन नोनोका ओजाकी से 0-6 से हार मिली। अब मानसी ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी।

अन्य मुकाबलों में भारत का प्रदर्शन

जूडो में यामिनी मौर्य ने महिला 57 किग्रा वर्ग में कतर की फतेना बु-काहूस को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं पुरुष ग्रीको-रोमन 77 किग्रा में अमन ने मंगोलिया के बोर्गिल तुवशिनबातार को 8-6 से हराया।

कंपाउंड तीरंदाजी में चिकिता तनिपार्थी को क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरिफाह ने 144-143 से हराया। सेपकटकरा में भारतीय पुरुष टीम ने वियतनाम को 2-0 से हराकर अगले चरण की उम्मीद मजबूत की।

About NW-Editor

Check Also

एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन: शूटिंग में गोल्ड-सिल्वर, कबड्डी की दोनों टीमें फाइनल में; सात्विक-चिराग पहले दौर में बाहर

जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारत के लिए शुक्रवार का दिन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *