Breaking News

वैभव सूर्यवंशी को मिली बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान: TIME 100 Next में जगह, सबसे कम उम्र के सदस्य बने भारतीय क्रिकेटर

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें दुनिया के उभरते प्रतिभाशाली लोगों की प्रतिष्ठित TIME 100 Next सूची में शामिल किया गया है। महज 15 साल की उम्र में सूची में जगह बनाकर वैभव इसके सबसे कम उम्र के सदस्यों में शामिल हुए हैं।

टाइम की इस सूची में अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी से पहचान बना रहे युवाओं को शामिल किया जाता है। खेल जगत की ‘राइजिंग स्टार्स’ कैटेगरी में वैभव को जगह मिली है। इस श्रेणी में शामिल सात खिलाड़ियों में वे इकलौते भारतीय हैं।

7 खिलाड़ियों में अकेले भारतीय

वैभव के साथ इस सूची में अमेरिकी फुटबॉलर आर्ची मैनिंग, NBA खिलाड़ी टाइरिस मैक्सी, फुटबॉलर नाओमी गिरमा और फोलारिन बालोगन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईला और बास्केटबॉल खिलाड़ी ओलिविया माइल्स शामिल हैं।

इससे पहले 2025 में भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी TIME 100 Next में जगह मिली थी। वे उस साल सूची में शामिल होने वाले इकलौते क्रिकेटर थे।

सबसे कम उम्र में भारत के लिए T20I खेलने का रिकॉर्ड

वैभव ने जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बने।

अब तक वैभव 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 193 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 81 रन है।

12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी डेब्यू

वैभव ने साल 2024 में बिहार की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र महज 12 साल थी। इसके बाद उसी साल राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें IPL नीलामी में 1 करोड़ रुपए में खरीदा। वे IPL ऑक्शन में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हुए।

IPL में 35 गेंदों पर जड़ा शतक

IPL 2025 में वैभव ने 7 पारियों में 252 रन बनाए थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने केवल 35 गेंदों में शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया। इस पारी के बाद वे क्रिकेट जगत में तेजी से चर्चा में आए।

2026 IPL में 776 रन और 72 छक्के

2026 के IPL सीजन में वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। वे टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

इस दौरान वैभव ने 72 छक्के लगाए, जो IPL के एक सीजन में उनके आक्रामक बल्लेबाजी प्रदर्शन को दर्शाता है।

11 गेंदों में अर्धशतक का रिकॉर्ड

जून 2026 में कोलंबो में श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक लगाया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बताया गया है।

इसके बाद उन्हें दलीप ट्रॉफी की विजेता ईस्ट जोन टीम का उप-कप्तान बनाया गया। एशियन गेम्स 2026 में भी वे भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते वैभव ने कम उम्र में ही भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।

About NW-Editor

Check Also

न्यूजीलैंड टेस्ट से पहले टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट का देना होगा टेस्ट

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *