नई दिल्ली। राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच मंजिला पीजी इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि मलबे में फंसे 12 लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस समेत अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए स्निफर डॉग, कैमरों तथा अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद ली गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का कार्य चल रहा था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में संचालित पीजी और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से भवनों के निर्माण और सुरक्षा मानकों की जांच किए जाने की बात सामने आई है।
News Wani
