Breaking News

कानपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, एथेनॉल टैंकर में धमाके से मची अफरा-तफरी; धमाके के बाद KIT के 300 छात्र बाहर निकले

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार रात रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में एथेनॉल से भरे टैंकर आ गए, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग की लपटें इतनी ऊंची उठीं कि करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना से आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, महाराजपुर क्षेत्र के रूमा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निकोलस पिगमेंट यूनिट-एक में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे आग लगी। फैक्ट्री में एथेनॉल से भरे टैंकर मौजूद थे। आग की चपेट में आने से एक टैंकर में जोरदार विस्फोट हो गया। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री परिसर में रखे अन्य केमिकल और सामान भी आग की चपेट में आ गए।

धमाके से सहमे छात्र, हॉस्टल से निकाले गए 300 विद्यार्थी

फैक्ट्री के पास स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) के हॉस्टल में रह रहे करीब 300 छात्र धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके अलावा आसपास की फैक्ट्रियों और करीब 50 घरों को भी एहतियातन खाली कराया गया।

एक किलोमीटर तक इलाके में आवाजाही बंद

आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास करीब एक किलोमीटर का क्षेत्र सील कर दिया। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी शिवा सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया गया और यातायात रोक दिया गया।

15 से अधिक दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा

आग बुझाने के लिए कानपुर के विभिन्न फायर स्टेशनों के साथ आसपास के जिलों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीआरएफ और पीएसी की टीम को भी लगाया गया। फतेहपुर जनपद से भी दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। शुरुआत में आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी परेशानी हुई। बाद में 22 हजार लीटर क्षमता वाले बड़े फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने में तेजी आई।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 15 दमकल वाहनों ने लगभग दो लाख लीटर पानी का इस्तेमाल किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग 12:30 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

जहरीली गैस के कारण बचाव कार्य में आई मुश्किल

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ मौजूद होने के कारण आग बुझाने के दौरान जहरीली गैस निकलने की आशंका बनी रही। इसके चलते दमकल और पुलिसकर्मियों को बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। आग की तीव्रता कम होने के बाद टीमों ने अंदर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

फैक्ट्री मालिक को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका

इस अग्निकांड में फैक्ट्री के अंदर रखा सामान, केमिकल का स्टॉक और वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री मालिक और उनके परिजन घटना के बाद बेहद परेशान नजर आए। राहत की बात यह रही कि कर्मचारियों की दिन की शिफ्ट समाप्त होने के बाद फैक्ट्री में काम बंद हो चुका था, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका टल गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

बस्ती में युवती के घर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घटना से इलाके में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक युवती के घर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *